
मज़ारे अनवर पर
यज़ीद को जब इस बात का पता चला कि इमाम हुसैन ने मेरी बैअत नहीं की तो वह भड़क उठा और उसने आमिले मदीना को हुक्म भेजा कि इमाम हुसैन को मेरी बैअत पर मजबूर करो वरना उसका सर काटकर मेरे पास भेज दो। हज़रत इमाम हुसैन रज़ियल्लाहु तआला अन्हु को जब इस यज़ीदी हुक्म का पता चला तो आपने मदीना मुनव्वरा की सुकूनत तर्क फरमाकर मक्का मुअज्ज़मा चले जाने का इरादा कर लिया। मदीना मुनव्वरा से रवानगी से पहले रात को नाना जान हुजूर सरवरे आलम सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम के मज़ारे अनवर पर हाज़िर हुए और रो रोकर अर्जे हाल करने लगे। फिर रौज़ा-ए-अनवर से लिपटकर वहीं सो गये । ख़्वाब में देखा कि नाना जान तशरीफ़ लाये हैं। आपने हुसैन को चूमा और सीने अकदस से लगा लिया और फ़रमाया: बेटा हुसैन अनकरीब जालिम तुझे करबला में भूखा प्यासा शहीद कर देंगे | तेरे मां-बाप और भाई तेरे इंतज़ार में हैं और बहिश्त तेरे लिये सजाई जा रही है। उसमें ऐसे दर्जाते आलिया हैं जो शहीद हुए बगैर तुझे नहीं मिल सकते। जाओ बेटा सब्र व शुक्र से जामे शहादत पीकर मेरे पास आ जाओ। हज़रत इमाम हुसैन रज़ियल्लाहु अन्हु यह ख़्वाब देखकर घर आये । अहले बैत को जमा करके यह ख़्वाब सुनाया और मदीने से मक्का जाने का पक्का इरादा कर लिया और फिर अपने बिरादरे बुजुर्ग हज़रत इमाम हसन रज़ियल्लाहु तआला अन्हु के मज़ार पर हाज़िर हुए और कलिमाते रुख़सत ज़बान पर लाये और फिर मां की क़ब्रे अनवर पर हाज़िर हुए और अर्ज़ किया ऐ अम्मा जान यह नाजों का पाला तुम्हारा हुसैन आज तुमसे जुदा होने आया है और आख़री सलाम अर्ज करता है। कब्रे अनवर से आवाज़ आयीः वअलैकुम अस्सलाम ऐ मज़लूम (जिस पर जुल्म हो) आप वहां कुछ देर रोते रहे और फिर वापस तशरीफ़ लाये और मक्का मुअज्ज़मा को रवाना हो गये।
(तज़किरा – ए – हुसैन सफा २७)
सबक़ : हज़रत इमाम की शहादत का खुद हज़रत इमाम रज़ियल्लाहु तआला अन्हु को इल्म था । यह आप ही की शान है कि इल्म के बावजूद ज़र्रा बराबर भी आपके कदम नहीं डगमगाते और शौके शहादत में कमी नहीं आती। जज़्बए जां निसारी और भी ज़्यादा ही होता है। हज़रत इमाम रज़ियल्लाहु तआला अन्हु ने अपनी सीरत पाक से बता दिया कि तालिबे रज़ाए हक़ मौला की मर्जी पर फ़िदा होता है। इसी में उसके दिल का चैन और उसकी हक़ीक़ी तसल्ली है। कभी वहशत व परेशानी उसके पास नहीं फटकती बल्कि वह इंतज़ार की घड़ियां शौक के साथ गुज़ारता है और वक्त मुक़र्ररा का बेचैनी से इंतज़ार करता है। O



